आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मसूरी थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस कमिश्नरेट के आदेशानुसार, पुलिस टीम ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच व्यापक स्तर पर पैदल गश्त किया।
इस दौरान पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी। पुलिस ने स्थानीय लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्र के व्यापारियों, दुकानदारों तथा स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। पुलिस टीम ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।
त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। थाना मसूरी क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। पुलिस विभाग ने सभी कर्मियों की छुट्टियां फिलहाल रद्द कर दी हैं, ताकि क्षेत्र में लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की गई। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशानुसार, आगामी त्योहारों के दौरान पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और त्योहारों को प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।
,
